logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विश्व भारती जनसेवा संस्थान ने सहारा पीड़ितों की लड़ाई तेज करने का किया ऐलान

रांची में प्रदेश समिति गठन के साथ आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की तैयारी

रांची।25 मई 2026:विश्व भारती जनसेवा संस्थान द्वारा झारखंड की राजधानी रांची स्थित सरदार पटेल स्कूल, सेक्टर-2 धुर्वा में प्रदेश समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड प्रदेश समिति का पूर्ण गठन किया गया तथा विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार राम ने की।

बैठक में श्रीमती शफकत नाज को प्रदेश अध्यक्ष, संजीत कुमार को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा संतोष कुमार साहू को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। साथ ही झारखंड के विभिन्न जिलों से कार्यसमिति के सदस्यों का चयन कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

संस्थान के राष्ट्रीय सचिव नागेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि विश्व भारती जनसेवा संस्थान लंबे समय से सहारा इंडिया के पीड़ित जमाकर्ताओं को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों एवं माननीय सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की गई हैं तथा कई राज्यों में आंदोलन और जनजागरण अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सहारा प्रकरण में कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। संस्था ने यह भी दावा किया कि झारखंड में सहारा से जुड़े मामलों की जांच लंबे समय से लंबित है, जबकि हजारों पीड़ित परिवार अपने जमा धन की वापसी का इंतजार कर रहे हैं।

बैठक में यह मांग उठाई गई कि राज्य सरकार सहारा पीड़ितों के भुगतान हेतु प्रभावी कदम उठाए तथा दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे। संस्था ने मुख्यमंत्री से विशेष जांच आयोग गठित करने, लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई कराने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक राहत दिलाने की मांग की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के अंत में “जय हिंद, जय भारत” के नारों के साथ संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

69
2648 views

Comment