लखनऊ-चन्दरपुर बस सेवा जल्द होगी बहाल; भाजपा बूथ अध्यक्ष सरवन कुमार के निवेदन पर MLC रामचंद्र सिंह प्रधान ने परिवहन मंत्री को लिखा पत्र
ऐमा मीडिया (Aima Media) — जन-जन की आवाज 🖋️
लखनऊ-चन्दरपुर बस सेवा जल्द होगी बहाल; भाजपा बूथ अध्यक्ष के निवेदन पर MLC रामचंद्र सिंह प्रधान ने परिवहन मंत्री को लिखा पत्र
उन्नाव। क्षेत्रीय जनता की बेहद पुरानी और महत्वपूर्ण मांग पर उन्नाव के स्थानीय निवासियों को जल्द ही परिवहन की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। भाजपा बूथ अध्यक्ष सरवन कुमार (भागोले खेड़ा) के विशेष निवेदन और जनहित की समस्या को संज्ञान में लेते हुए, उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य (MLC) रामचंद्र सिंह प्रधान ने सूबे के माननीय परिवहन मंत्री को आधिकारिक पत्र सौंपकर लखनऊ से चन्दरपुर बस सेवा को तत्काल प्रभाव से पुनः नियमित संचालित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि परिवहन निगम की यह बस विगत कई वर्षों से लखनऊ से चन्दरपुर (वाया तकिया पाटन होते हुए पुरवा तक) और उसी मार्ग से वापस लखनऊ तक प्रतिदिन चलाई जा रही थी। इस मार्ग से क्षेत्र की जनता का राजधानी में आवश्यक कार्यों हेतु आवागमन सुचारू रूप से होता था। हालांकि, इस रूट पर हाईवे का निर्माण कार्य चलने के कारण पिछले कुछ समय से बसों का संचालन बंद था।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी बंद थी सेवा
हाईवे का निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत भी उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा बस सेवा को दोबारा शुरू नहीं किया गया था, जिससे स्थानीय निवासियों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को लखनऊ आने-जाने में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
जनप्रतिनिधियों की त्वरित पहल
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा बूथ अध्यक्ष सरवन कुमार ने इस जन-समस्या को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद एमएलसी रामचंद्र सिंह प्रधान ने अपने आधिकारिक पत्र (पत्रांक: 3990/स०वि०प०/26) के माध्यम से परिवहन मंत्री से अनुरोध किया है कि जनहित और क्षेत्रीय निवासियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित अधिकारियों को इस रूट पर पुनः नियमित बस सेवा शुरू करने हेतु निर्देशित करने का कष्ट करें।
एमएलसी और संगठन की इस सकारात्मक पहल से क्षेत्र के नागरिकों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनता ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया है।