भीषण गर्मी से बिल्सी बेहाल, 43 डिग्री पहुंचा तापमान, लू के थपेड़ों ने बढ़ाई परेशानी
बिल्सी (बदायूं)।
उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब बिल्सी क्षेत्र में भी साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच शनिवार को पारा 42से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है।
दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई देता है। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही चेहरा ढककर घरों से बाहर निकल रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही है।
भीषण गर्मी के कारण मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी क्लीनिकों में उल्टी, दस्त, चक्कर और डिहाइड्रेशन जैसी शिकायतों वाले मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को अधिक पानी पीने और दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने का रस, शिकंजी, लस्सी और तरबूज-खरबूजे जैसी ठंडी चीजों का सहारा ले रहे हैं। वहीं पशु-पक्षी भी पानी और छांव की तलाश में भटकते नजर आ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की है। संवाद