यमुनानगर:गांव तेलीपुरा सरकारी स्कूल में गंदगी से स्वास्थ्य खतरा
यमुनानगर: गांव तेलीपुरा के सरकारी प्राइमरी स्कूल में सफाई व्यवस्था बेहद खराब है। स्कूल के बाथरूमों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे बच्चों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने बताया कि शौचालयों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है, जिससे बदबू और असुविधा हो रही है। कई बच्चे मजबूरी में शौचालय का उपयोग बंद कर चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने स्कूल के प्रधानाचार्य और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा कि इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल का तुरंत निरीक्षण कर बाथरूमों की सफाई, मरम्मत और नियमित स्वच्छता सुनिश्चित की जाए ताकि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।