सविन बंसल का देहरादून में जिलाधिकारी के रूप में कार्यकाल प्रशासनिक सख्ती, जनसरोकार और त्वरित निर्णय क्षमता के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उत्तराखंड देहरादून— जिलाधिकारी
सविन बंसल का देहरादून में जिलाधिकारी के रूप में कार्यकाल प्रशासनिक सख्ती, जनसरोकार और त्वरित निर्णय क्षमता के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा। अब उनका तबादला सचिव नियोजन (Secretary Planning) के पद पर किया गया है, लेकिन देहरादून में उनके कार्यों की चर्चा लगातार हो रही है।
अपने पूरे कार्यकाल में सविन बंसल ने प्रशासन को केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि जनता के बीच जाकर समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने पर जोर दिया। खासतौर पर गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए वे हमेशा तत्पर दिखाई दिए। जन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी पहचान बनी। कई मामलों में लोगों को तुरंत राहत दिलाने और अधिकारियों को मौके पर भेजकर समाधान कराने के कारण आम जनता के बीच उनकी अलग छवि बनी।
देहरादून में भूमाफियाओं और अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए गए अभियानों को उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है। अतिक्रमण हटाने, सरकारी जमीनों को मुक्त कराने और भूमि से जुड़े फर्जीवाड़ों पर कार्रवाई को लेकर उन्होंने सख्त रवैया अपनाया। इसके साथ ही जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत कर लोगों की शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को तेज किया गया।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग और अतिक्रमण जैसी समस्याओं को लेकर भी प्रशासन लगातार सक्रिय रहा। कई क्षेत्रों में अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, जिला अस्पतालों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम हुआ।
आपदा या आपात स्थिति के समय सविन बंसल का मैदान में उतरकर राहत कार्यों की निगरानी करना भी लोगों ने देखा।