logo

धनबाद भाजपा में गुटबाजी समाप्त करने का संदेश: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह


धनबाद: भाजपा में धनबाद लोकसभा चुनाव के टिकट बंटवारे के बाद से चल रही गुटबाजी को समाप्त करने का स्पष्ट संदेश रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को परिवर्तन महासभा में दिया। उन्होंने सांसद ढुलू महतो और धनबाद विधायक राज सिन्हा को मंच पर एक साथ बुलाकर पार्टी में एकजुटता का प्रतीकात्मक संदेश दिया।

धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित सभा के दौरान राजनाथ सिंह ने जिलाध्यक्ष, सांसद ढुलू महतो और विधायक राज सिन्हा को नाम लेकर मंच पर बुलाया। रक्षा मंत्री ने दोनों नेताओं को अपने साथ खड़ा कर जनता से सवाल किया, "आपके सांसद और विधायक अब एक साथ खड़े हैं, तो क्या आप झारखंड की सभी सीटों पर भाजपा का झंडा लहराएंगे?" इस पर उत्साहित भीड़ ने जोरदार समर्थन में कहा, "लहराएंगे।"

राजनाथ सिंह के इस कदम को पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। सभा में उपस्थित लोगों के बीच इसे लेकर कई प्रकार की चर्चाएँ हो रही थीं, लेकिन संदेश साफ था—भाजपा को एकजुट होकर आगामी चुनावों में सफलता हासिल करनी है।

3
1185 views